गुजरात के भरूच जिले से एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना की खबर सामने आई है। भरूच के सायखा GIDC स्थित ‘सिंजिल फार्माकेम’ नामक फार्मास्यूटिकल कंपनी में एक भीषण रिएक्टर विस्फोट हो गया, जिसमें 5 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मध्य रात्रि को हुआ जोरदार धमाका, 15 किमी दूर तक सुनाई दी आवाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि के दौरान हुआ जब प्लांट में हाइड्रोजनेशन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान 15 किलोलीटर क्षमता वाला रिएक्टर अचानक फट गया। विस्फोट इतना भयंकर था कि इसकी गूंज आसपास के 15 किलोमीटर के दायरे तक महसूस की गई। धमाके के बाद कंपनी परिसर में मिथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस का रिसाव भी हुआ, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों को गंभीर रूप से समस्याओं का सामना करना पड़ा।
रेस्क्यू और जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन, गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (GPCB) और इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
-
मृतक और घायल: इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल होने वाले लोग कंपनी के नियमित और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारी हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि शवों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।
-
जांच जारी: वागरा की सायखा GIDC में स्थापित इस कंपनी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। इस भीषण हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।
