वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन नवीन ने चुनाव आयोग के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर “अराजक मानसिकता” रखने और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
“केरल और तमिलनाडु में भी इसी आयोग ने कराए थे चुनाव”
नितिन नवीन ने राहुल गांधी की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग पर आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता को यह नहीं भूलना चाहिए कि इसी आयोग ने केरल और तमिलनाडु में भी चुनाव कराए थे, जहाँ उनकी पार्टी और सहयोगियों को सफलता मिली थी। उन्होंने कहा:
“अगर राहुल गांधी में इतनी ही हिम्मत और अपने आरोपों पर भरोसा है, तो वे सबसे पहले लोकसभा से अपना इस्तीफा सौंपें। चुनाव हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है।”
“घुसपैठियों को पनाह दे रहे हैं राहुल”
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और विपक्ष देश में घुसपैठियों को पनाह देने और उन्हें भारत के संसाधनों पर अधिकार दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की संपत्ति, ज़मीन और संसाधनों पर केवल देश के नागरिकों का अधिकार है और किसी भी स्थिति में अवैध घुसपैठियों को यह अधिकार नहीं दिया जाएगा।
चुनावी तैयारियों पर दिया बयान
आगामी चुनावों और पार्टी की तैयारियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता साल के 365 दिन और 24 घंटे जनता के बीच सक्रिय रहता है। उनके लिए हर दिन काम का दिन है और हर दिन चुनाव की तरह है—वे केवल चुनाव के समय नज़र आने वाले मौसमी नेता नहीं हैं।
इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।
