VVIP राजधानी का यह हाल! लखनऊ यूनिवर्सिटी के सामने अचानक धंसी सड़क, 10 फीट नीचे गिरा युवक

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की सड़कों के रखरखाव के बड़े-बड़े दावों की हवा उस वक्त निकल गई, जब भारी बारिश के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी के ठीक सामने अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। पलक झपकते ही वहां करीब 10 से 12 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया। इस हादसे की चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक सीधे 10 फीट नीचे जा गिरा।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के दौरान युवक की मोटरसाइकिल भी गहरे गड्ढे में समा गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन और नगर निगम के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बाइक को बाहर निकाला।

बिना चेतावनी के धंसी सड़क, टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के पानी से लबालब सड़क पर अचानक यह गड्ढा बन गया, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। यूनिवर्सिटी के पास हमेशा चहल-पहल रहती है, ऐसे में यह गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए काल बन सकता था। हादसे के बाद सड़क पर भारी जलभराव हो गया और यातायात पूरी तरह से रोक दिया गया।

प्रशासन की तैयारियों पर उठे गंभीर सवाल
राजधानी की जिस सड़क को सबसे सुरक्षित माना जाता है, वहां इस तरह का 12 फीट गहरा गड्ढा बन जाना नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सीधे सवाल खड़े करता है। फिलहाल नगर निगम की टीम जेसीबी और क्रेन के जरिए गड्ढे को भरने और मरम्मत के काम में जुटी है, लेकिन इस घटना ने मॉनसून से निपटने के प्रशासनिक दावों को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *