राजस्थान: प्रिंसिपल की घिनौनी करतूत, छात्राओं के साथ बिना कपड़ों के बांध में नहाया; VIDEO वायरल

राजस्थान राज्य

अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में एक सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल की गंभीर लापरवाही और आपत्तिजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रिंसिपल स्कूल के छात्र-छात्राओं को करीब दो किलोमीटर दूर स्थित भड़ाज बांध पर ले गया था, जहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में प्रिंसिपल बिना कपड़ों के 9वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ पानी में नहाता और एक छात्रा को गोद में उठाता हुआ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण या लाइफ जैकेट के गहरे पानी में उतारा गया, जबकि कई बच्चों को तैरना भी नहीं आता था। बताया जा रहा है कि यह बांध पहले से ही खतरनाक श्रेणी में है और स्थानीय प्रशासन ने यहां जाने पर पाबंदी लगा रखी है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों हरकत में आ गए हैं।

थानागाजी थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है और प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए गए हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *