लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को मोहनलालगंज व पीजीआई थानाक्षेत्र में अभियान चलाकर लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 03 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। इसके अलावा कृष्णानगर व पारा में 05 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 एवं जोन-3 की टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि धर्मेश यादव व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के ग्राम-खुजौली में नगराम रोड पर लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। वहीं, अभय सिंह व अन्य द्वारा टिकरा, कल्ली पूरब में लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग करायी जा रही थी। इसके अलावा विकास पाठक, मनोज कुमार व अन्य द्वारा पीजीआई के जगतखेड़ा में वृन्दावन योजना के पीछे लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी मान सिंह ने बताया कि कृष्णानगर की इन्द्रलोक कालोनी में सुशील भाग्य व अन्य द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर निर्मित किये जा रहे अवैध कॉम्पलेक्स को सील किया गया। इसके अलावा पारा थानाक्षेत्र के चुन्नू खेड़ा, पूर्वीदीन खेड़ा व आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर अभियान चलाया गया। जिसमें विजय कुमार यादव, शिवानंद यादव, विकास, राजकुमारी व अन्य द्वारा किये जा रहे 04 व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।
