नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को अचानक आए तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। खराब मौसम के दौरान विमान की ऊंचाई में कुछ समय के लिए उतार-चढ़ाव हुआ, जिससे कई यात्रियों और क्रू मेंबर को हल्की चोटें आईं। हालांकि, पायलट ने स्थिति को सुरक्षित तरीके से संभाला और विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। एहतियात के तौर पर जिन यात्रियों और क्रू सदस्यों को हल्की चोटें आई थीं, उन्हें एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर ले जाकर प्राथमिक जांच और उपचार उपलब्ध कराया गया।
एयर इंडिया ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है और घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
