भिवंडी : महाराष्ट्र के पावरलूम नगरी भिवंडी में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। बालाजी नगर क्षेत्र स्थित 4 मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा रात करीब साढ़े 11 बजे भरभराकर ढह गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका है।
खतरनाक घोषित थी इमारत
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के अधिकारियों के मुताबिक इस इमारत में कुल 48 कमरे थे। हर मंजिल पर 12 कमरे थे। इस बिल्डिंग को पहले ही नगर निकाय द्वारा खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय परिसर में मरम्मत का काम चल रहा था।
कैसे हुआ हादसा
एक अधिकारी ने बताया कि रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें सुनीं। खतरे को भांपते हुए लोगों ने कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन जब कुछ निवासी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की ‘बी’ विंग अचानक ढह गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, NDRF मौके पर
हादसे के बाद NDRF, ठाणे आपदा मोचन बल और स्थानीय अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। श्वान दस्ता, 4 दमकल वाहन, 2 एंबुलेंस और भारी मशीनें बचाव कार्य में लगाई गई हैं।
भिवंडी अग्निशमन अधिकारी विजय जाधव ने बताया कि मलबे से एक शव निकाला गया है। वहीं एक लड़के और एक महिला को घायल अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। NDRF ने एक महिला को सुरक्षित भी निकाला है।
अधिकारियों के अनुसार 7 से 8 लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। उन्हें निकालने के लिए तलाशी और बचाव अभियान लगातार जारी है।
जांच के आदेश
स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि खतरनाक घोषित इमारत में लोग कैसे रह रहे थे और मरम्मत के दौरान सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं थे।
भिवंडी में इससे पहले भी इमारत गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन ने आसपास की जर्जर इमारतों की जांच तेज करने की बात कही है।
