जंतर-मंतर पर प्रदर्शन : भ्रामक खबरों पर दिल्ली पुलिस का बयान, 400 फेक अकाउंट्स की पहचान, फर्जी कंटेंट-एआई-डीपफेक से सावधान रहने की अपील

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा पिछले कई हफ्तों से चल रहे आंदोलन और हाल ही में ‘संसद चलो’ मार्च के बाद सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने शनिवार को दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर लोगों से सोशल मीडिया पर चल रहे असत्यापित कंटेंट, एआई (AI), डीपफेक और एडिटेड वीडियो पर आंख बंद करके भरोसा न करने की अपील की है। जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़ी भ्रामक और फर्जी जानकारियों को खारिज करते हुए डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने कहा-“कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा पिछले कई हफ्तों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर जानकारियां बहुत तेजी से वायरल होती हैं, लेकिन हर पोस्ट, वीडियो या फोटो का सही होना जरूरी नहीं है। किसी भी सूचना पर विश्वास करने या उसे आगे शेयर करने से पहले उसका फैक्ट-चेक (Fact-Check) करना बेहद आवश्यक है।” पुलिस ने 400 फेक अकाउंट की भी पहचान की है। इसमें पाकिस्तान के फर्जी अकाउंट भी शामिल है। पुलिस ने दो-तीन फेक वीडियो भी प्रेस कांफ्रेंस में दिखाए। “दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। हम अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फर्जी खबरों (Fake News), AI और डीपफेक वीडियो, एडिटेड क्लिप्स और भ्रामक पोस्ट्स की सच्चाई लगातार सामने ला रहे हैं ताकि आम जनता सच और झूठ के बीच का अंतर समझ सके।”
पुलिस ने हाल ही में किया कई फर्जी दावों का पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई गंभीर दावों को पूरी तरह खारिज किया है-इस्तीफा देने वाले फर्जी SI का दावा-पुलिस ने उस वीडियो को फर्जी बताया जिसमें एक व्यक्ति खुद को दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर आंदोलन में शामिल होने के लिए नौकरी छोड़ने का दावा कर रहा था। जांच में ऐसा कोई पुलिसकर्मी रिकॉर्ड में नहीं पाया गया।
महिला पुलिसकर्मी की मौत की अफवाह : पुलिस ने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल की मौत की खबर को पूरी तरह मनगढ़ंत और फर्जी बताया।
फायरिंग व पथराव के दावे खारिज : पुलिस ने उन अफवाहों का भी खंडन किया कि पुलिस बल द्वारा प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग या पथराव किया गया था।
सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी : दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम, दहशत या गलत अफवाहें फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल दिल्ली पुलिस के आधिकारिक चैनलों द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *