काशी का अभूतपूर्व विकास प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व की पहचान, एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा देश का मॉडल: श्री ए. के. शर्मा

उत्तर प्रदेश राज्य वाराणसी शहर

लखनऊ,19 जुलाई,2026 नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने रविवार को वाराणसी के शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सूरजकुंड से 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह अभियान 2 अक्टूबर तक संचालित होगा, जिसके माध्यम से जनप्रतिनिधि वार्डों में पहुंचकर स्वच्छता, जनसंपर्क, जनसमस्याओं के समाधान तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने कहा कि भारत के इतिहास में स्वच्छता को सबसे अधिक महत्व देने वाले दो महान व्यक्तित्व हैं—राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने स्वयं काशी की गलियों में झाड़ू लगाकर पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया और स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी ने विकास का एक नया अध्याय लिखा है। आज काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट, रिंग रोड, अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, रोपवे, बनास डेयरी सहित अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं अथवा तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने सनातन काशी की गरिमा, विरासत और विकास को इतनी प्राथमिकता दी है। काशी सहित पूरा देश उनके दूरदर्शी नेतृत्व से लाभान्वित हो रहा है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि वार्ड प्रवास कार्यक्रम केवल एक स्वच्छता अभियान ही नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। इसके जरिए नागरिकों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका समाधान कराया जाएगा तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर शहर दक्षिणी के विधायक श्री नीलकंठ तिवारी ने बताया कि 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के तहत सभी लोग “स्वच्छ काशी, सुंदर काशी” का संदेश लेकर घर-घर पहुंचेंगे, नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनके निस्तारण का प्रयास करेंगे। अभियान के दौरान लाभार्थीपरक शिविर, चिकित्सा शिविर, वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए स्वच्छ, सुंदर और विकसित काशी के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *