वॉशिंगटन : मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर चरम पर है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सबसे सुरक्षित न्यूक्लियर ठिकाने को निशाना बनाने का खुला ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब ईरान में “पिकैक्स माउंटेन” पर हमला करेगा।
ट्रंप का बड़ा बयान: ‘ईरानियों को बता दो तैयार रहें’
ह्यू हेविट शो को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “हम पिकैक्स माउंटेन को निशाना बनाने वाले हैं। ईरानियों को बता दो कि वे तैयार रहें।” उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका ईरान पर लगातार सख्त हमले करता रहेगा।
ट्रंप के मुताबिक अमेरिका इस जगह पर लगातार नजर रख रहा है और फिलहाल वहां कोई हलचल नहीं दिख रही। उनका दावा है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम ठीक से आगे नहीं बढ़ पा रहा, क्योंकि जब भी अमेरिका को जानकारी मिलती है वो उसे उड़ा देता है। इसी वजह से ईरान अब इस मुद्दे पर बात करने से बचता है।
होर्मुज की घेराबंदी शुरू, ‘फीस’ भी लेंगे
ट्रंप ने ये भी बताया कि अमेरिका ने ईरानी जहाजों की घेराबंदी फिर से शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने की जिम्मेदारी अमेरिका उठाएगा, लेकिन इसके लिए एक फीस ली जाएगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि जल्द ही अमेरिका पिकैक्स माउंटेन पर हमला करने की कोशिश कर सकता है।
क्या है पिकैक्स माउंटेन?
रिपोर्ट्स के मुताबिक पिकैक्स माउंटेन ईरान का सबसे सुरक्षित और गहरे जमीन के अंदर बना न्यूक्लियर बंकर माना जाता है। इसे तबाह करना अमेरिका के लिए आसान नहीं होगा, पर ट्रंप के इस ऐलान से मिडिल ईस्ट में जंग भड़कने की आशंका बढ़ गई है।
