उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लि0 के सभापति एवं उपसभापति निर्विरोध निर्वाचित

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ: 08 जुलाई, 2026 उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड लखनऊ की आम सभा के प्रतिनिधियों एवं प्रबंध समिति के सदस्यों के निर्वाचन के उपरांत बुधवार को बैंक की प्रबंध समिति के सभापति एवं उपसभापति का चुनाव संपन्न हुआ। बैंक की 323 शाखाओं के प्रतिनिधियों का निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद प्रबंध समिति के 13 सदस्य निर्वाचित हुए।
निर्वाचन क्षेत्र आगरा की अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट पर कोई प्रतिनिधि निर्वाचित न होने के कारण उत्तर प्रदेश शासन के सहकारिता विभाग द्वारा श्री राकेश कुमार (फिरोजाबाद) को प्रबंध समिति का सदस्य नामित किया गया।
प्रबंध समिति के सभापति पद पर डॉ. विवेक सिंह तोमर तथा उपसभापति पद पर श्री रविन्द्र सिंह राठौर निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन प्रक्रिया सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान, सह-संयोजक आलोक सिंह तथा राज्य सरकार द्वारा नियुक्त निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह (अपर जिला अधिकारी, वित्त एवं राजस्व) एवं श्री ज्ञानचन्द्र गुप्ता (सिटी मजिस्ट्रेट) की उपस्थिति में संपन्न हुई।
उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की स्थापना 12 मार्च 1959 को हुई थी। यह प्रदेश की शीर्ष सहकारी संस्था है, जो किसानों को कृषि एवं अकृषि क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं के लिए दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराती है। वर्तमान में बैंक के 14.09 लाख से अधिक सदस्य हैं। स्थापना से अब तक बैंक द्वारा 60.95 लाख से अधिक किसानों को लगभग 15,716 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बैंक की व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति देना तथा प्रदेश सरकार की नीतियों एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप बैंक को अधिक प्रभावी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में ऐसी योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिनसे किसानों का बैंक से सीधा जुड़ाव बढ़े और बैंक की सेवाएं गांव-गांव तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शाखा, जनपद एवं मंडल स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाकर बैंक के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए नई योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे बैंक का व्यवसाय मजबूत होगा और किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *