लखनऊ, 08 जुलाई, 2026 । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ में व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग 2.53 लाख पौधरोपण कर हरित उत्तर प्रदेश की नींव को और मजबूत करेगा।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि योगी सरकार ने वृक्षारोपण को केवल सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि युवा शक्ति को पर्यावरण से जोड़ने का जन-आंदोलन बनाया है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का मंत्र लेकर प्रदेश का हर युवा अब हरित योद्धा बन रहा है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि विभाग के अधीन प्रदेश भर के सभी राजकीय आईटीआई, निजी आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों को वृक्षारोपण महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश की सभी सरकारी-निजी आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाखों युवा इस अभियान से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर प्रशिक्षु एक पेड़ अवश्य लगाए और उसकी सुरक्षा का संकल्प भी ले। आईटीआई और कौशल केंद्रों की खाली भूमि, बाउंड्री और परिसरों में फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। जहाँ बाउंड्री नहीं है, वहाँ पेड़ लगाकर हरित बाउंड्री बनाई जाएगी।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार का मॉडल है – ‘हुनर के साथ संस्कार और रोजगार के साथ पर्यावरण’। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उनके संरक्षण से तय होगी। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा विभाग में पढ़ने वाला युवा जब अपने हाथों से हुनर सीखने के साथ-साथ पर्यावरण को संवारने का काम करेगा, तो यह ‘विकसित उत्तर प्रदेश – हरित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को मजबूती देगा। सभी जिला समन्वयक, प्रधानाचार्य और प्राइवेट आईटीआई संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दो दिन पूर्व ही वन विभाग से पौधे प्राप्त कर लें और 12 जुलाई को जनप्रतिनिधियों, प्रशिक्षुओं और स्थानीय नागरिकों के साथ वृक्षारोपण महायज्ञ को उत्सव के रूप में मनाएं।
