पटना । पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियों के बीच अभिनेता और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ की और उनके चुनावी मैदान में उतरने को बिहार की राजनीति का बड़ा घटनाक्रम बताया। शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बिहार की राजनीति में ‘बड़ा धमाका’ हुआ है। उन्होंने प्रशांत किशोर को “सबसे योग्य, दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर दृष्टि से सबसे अधिक लोकप्रिय, प्रशंसित एवं चर्चित व्यक्तित्व” बताते हुए कहा कि उनके चुनावी राजनीति में उतरने से न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश की राजनीति और आम जनता के बीच नई हलचल पैदा हो गई है।
उन्होंने आगे लिखा कि एक ‘बिहारी बाबू’ होने के नाते उन्हें यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक प्रतीत होता है। वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता सभी की एकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करेगी। अपने संदेश का समापन उन्होंने “जय बिहार, जय हिंद” के साथ किया।
शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान ऐसे समय आया है जब बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख दल चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। जनसुराज की ओर से प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में हैं और इसे उनकी सक्रिय चुनावी राजनीति की महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में बांकीपुर सीट पर मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता लगातार अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन वाले बयान को भी बांकीपुर उपचुनाव के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि चुनाव प्रचार के दौरान इस तरह के बयानों का मतदाताओं पर कितना असर पड़ता है और यह उपचुनाव किस दिशा में जाता है।
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई है।
