लखनऊ। उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति का प्रथम स्थापना दिवस शनिवार को अत्यंत गरिमामय, भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जब पत्रकार संगठित होते हैं तो समाज की आवाज और अधिक बुलंद होती है। समारोह में पत्रकारिता, सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रधर्म के संपादक श्री अशोक वाजपेयी जी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण दायित्व है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को हर परिस्थिति में सत्य, निष्पक्षता और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्भीक पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और जागरूक पत्रकार ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है।कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री हरीश तिवारी जी ने की। उन्होंने संगठन की एक वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति पत्रकारों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने संगठन को प्रदेश के सबसे मजबूत पत्रकार संगठन के रूप में स्थापित करने का संकल्प दोहराया।समिति के महासचिव श्री आशीष तिवारी जी ने अपने प्रभावशाली मंच संचालन से पूरे कार्यक्रम को ऊर्जा और गरिमा प्रदान की। वहीं कार्यक्रम के संयोजक एवं शिमला परिवार के राजेंद्र गुप्ता जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आत्मीय स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने संगठन की एकता, पत्रकारों के सम्मान और समाजहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।समारोह के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, समिति का परिचय-पत्र तथा राष्ट्रीय धर्म सेना की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह पूरे कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों एवं अतिथियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार एवं स्वाभिमान के लिए संगठित होकर कार्य किया जाएगा तथा किसी भी पत्रकार के साथ होने वाले अन्याय के विरुद्ध पूरी मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।इस अवसर पर हिंदू महिला सेवा समिति की अनीता गुप्ता, निर्मला मिश्रा, शालिनी त्रिपाठी, रुचिका अग्रवाल, किरण गुप्ता, अर्चना गुप्ता एवं मुक्त वर्मा सहित धर्मेंद्र शुक्ला, राकेश शर्मा, पत्रकार रामकृष्ण मिश्रा, शिव नरेश सिंह, राजेश गुप्ता, दीनदयाल तिवारी, दिवासी सूचना आयोग से हरिनारायण तिवारी, डायरेक्टर प्रमोद कुमार, विनोद कुमार, आलोक कुमार, अभय गुप्ता, विनोद सिंह तथा संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।समारोह का समापन राष्ट्रहित, पत्रकार हित एवं समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति आने वाले समय में पत्रकारों की आवाज को और अधिक सशक्त बनाते हुए प्रदेश में एक नई पहचान स्थापित करेगी।
