बुलेट दी फिर भी नहीं भरा मन: कार मांग रहे थे ससुराल वाले, देवबंद में विवाहिता की गला दबाकर हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

सहारनपुर : सहारनपुर के देवबंद में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है. लखनौती गांव में सात साल पहले ब्याही गई वर्षा का शव सोमवार को घर के अंदर पलंग पर पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पति समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो चुके थे. सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मृतका मूल रूप से नागल थाना क्षेत्र के नंदनपुर गांव की रहने वाली थी. उसकी शादी करीब सात वर्ष पहले लखनौती निवासी कमल के साथ हुई थी. दंपति की कोई संतान नहीं थी, जिसे लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था. परिजनों के मुताबिक करीब दो माह पहले भी घरेलू कलह के चलते वर्षा मायके चली गई थी, लेकिन दोनों पक्षों के समझाने के बाद वह दोबारा ससुराल लौट आई थी.

परिजनों ने लगाया दहेज उत्पीड़न का भी आरोप
मृतका के भाई रविंद्र का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था. उनका कहना है कि रविवार को पूरे दिन घर में झगड़ा हुआ था और रात में वह समझाने के लिए भी गए थे. सोमवार को बहन की मौत की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचने पर शरीर और गले पर चोट के निशान दिखाई दिए, जबकि घर के अंदर तोड़फोड़ भी मिली. उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या की गई है.

रविंद्र ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे और दहेज में बुलेट बाइक समेत अन्य सामान दिया गया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार की मांग कर रहा था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी से पहले लड़के को ट्रैक्टर चालक बताया गया था, लेकिन बाद में उसके मजदूरी करने की जानकारी मिली. हालांकि, शादी की तैयारियां पूरी हो जाने के कारण विवाह करना पड़ा.

सीओ ने क्या कहा?
देवबंद क्षेत्राधिकारी (CO) शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि 22 जून को ग्राम लखनौती में वर्षा की मौत की सूचना मिली थी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों से तहरीर प्राप्त कर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस फरार ससुराल पक्ष की तलाश में जुटी हुई है और विवाहिता की मौत के कारणों की गहन जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *