मेरठ : थाना मुंडाली क्षेत्र के मुरलीपुर गांव में बीते दिन एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जांच में सामने आया कि मकान में शादी समारोह के लिए आतिशबाजी तैयार की जा रही थी। पुलिस ने फैक्ट्री सील कर एक युवक को हिरासत में लिया है।
शादी के पटाखे बनाते वक्त हुआ धमाका, दमकल ने बुझाई आग
रविवार को मुरलीपुर गांव में एक मकान में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मुंडाली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
100 किलो गंधक-बारूद बरामद, एक युवक हिरासत में
नायब तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मकान में अवैध रूप से पटाखे और विस्फोटक बनाए जा रहे थे। सीओ किठौर ने बताया कि मौके से करीब 100 किलो गंधक-बारूद, 180 किलो पाउडर और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने अवैध फैक्ट्री को सील कर दिया है और सारी सामग्री जब्त कर ली गई है। मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है।
शादी समारोह के लिए बन रहे थे पटाखे, कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री में शादी समारोह में इस्तेमाल होने वाली आतिशबाजी तैयार की जा रही थी, इसी दौरान हादसा हो गया। तहसीलदार के आदेश पर फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। सीओ ने कहा कि प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है।
