Women’s T20 World Cup: महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत, एकतरफा मैच में नीदरलैंड को 95 रन से रौंदा

स्पोर्ट्स

नई दिल्ली : हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया। टीम ने नीदरलैंड को 95 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। हेडिंग्ले में पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 17.3 ओवर में सिर्फ 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के बाद लगातार दूसरी जीत से भारत ग्रुप-A में 4 पॉइंट के साथ टॉप पर पहुंच गया है।

मंधाना-शैफाली का तूफान: 115 रन की ओपनिंग साझेदारी
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी। दोनों ने 70 गेंदों में 115 रन जोड़ डाले। शेफाली 38 गेंदों पर 10 चौकों से 55 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना ने 47 गेंदों में 1 छक्का-11 चौके से 74 रन ठोके। जेमिमा रोड्रिगेज के साथ उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 47 रन जोड़े। 17.1 ओवर में 168 पर 4 विकेट गिरने के बाद ऋचा घोष ने नाबाद 8 गेंदों में 20 रन और दीप्ति शर्मा ने 2 गेंदों में नाबाद 10 रन बनाकर स्कोर 209/5 तक पहुंचाया। कप्तान हरमनप्रीत ने 12 रन बनाए। नीदरलैंड के लिए कैरोलिन डी लैंग ने 2 विकेट लिए।

गेंदबाजों का कहर: 114 रन पर ढेर हुआ नीदरलैंड
210 रन के टारगेट के जवाब में नीदरलैंड की शुरुआत ठीक रही। हीथर सीगर्स और फीबे मोल्केनबोअर ने 34 रन जोड़े। हीथर 16 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान बैबेट डी लीडे ने 27 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन 96 पर चौथा विकेट गिरते ही पूरी टीम बिखर गई। नीदरलैंड 17.3 ओवर में 114 पर ऑलआउट हो गई।

शैफाली का ऑलराउंड धमाल, श्री चरणी को 4 विकेट
बल्ले से 55 रन बनाने के बाद शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल किया। उन्होंने 20 रन देकर 3 विकेट झटके। श्री चरणी सबसे सफल रहीं, उन्होंने 19 रन देकर 4 विकेट लिए। नंदिनी शर्मा को 2 विकेट मिले। भारत ने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रन से हराया था। अब टीम इंडिया 21 जून को साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *