लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग को IIRF-2026 में राष्ट्रीय स्तर पर 42वीं रैंक, प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 03 जून 2026। लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (आईएमएस) ने भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) 2026 में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में 42वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों के प्रबंधन संस्थानों में विभाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय परिवार, कुलपति, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर गुणात्मक सुधार हो रहा है। नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा उद्योगोन्मुखी शिक्षा पर विशेष बल का ही परिणाम है कि प्रदेश के विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहे हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों को भी उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

IIRF देश की प्रतिष्ठित संस्थागत रैंकिंग प्रणाली है, जिसमें प्रबंधन संस्थानों का मूल्यांकन शैक्षणिक प्रतिष्ठा, अनुसंधान परिणाम, छात्र प्रोफाइल, नियोक्ता प्रतिष्ठा, अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण, संस्थागत विकास तथा जन धारणा जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाता है। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से पब्लिक परसेप्शन में 99.77 तथा डिमांड रेशियो एवं स्टूडेंट प्रोफाइल में 98.22 अंक प्राप्त कर विभाग ने अपनी मजबूत शैक्षणिक साख का परिचय दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *