ट्रंप ने क्‍यूबा को बताया ‘नाकाम देश’, कहा- अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए है खतरा

विदेश

वाशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्यूबा पर दबाव और बढ़ा दिया है। दोनों नेताओं ने क्यूबा को एक ‘नाकाम देश’ और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया। फ्लोरिडा और व्हाइट हाउस में अलग-अलग बोलते हुए, दोनों अधिकारियों ने हवाना के प्रति और सख्त रवैये का संकेत दिया, हालांकि उन्होंने बातचीत के जरिए समाधान की संभावना भी खुली रखी। ओवल ऑफिस में नियमों में ढील से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका क्यूबा के लोगों और क्यूबा मूल के अमेरिकियों को अपने देश से फिर से जुड़ने में मदद करना चाहता है।
ट्रंप ने कहा, “क्यूबा एक नाकाम देश है। हर कोई यह जानता है। वहां बिजली नहीं है। लोगों के पास पैसे नहीं हैं। उनके पास खाने तक की कमी है।”
उन्होंने आगे कहा क‍ि हम उनकी मदद करेंगे। सबसे पहले तो मैं इंसानियत के नाते उनकी मदद करना चाहता हूं। ट्रंप ने कहा कि फ्लोरिडा में रहने वाले क्यूबा मूल के अमेरिकी क्यूबा में निवेश करना और देश को फिर से खड़ा करना चाहते हैं। वे अपने देश वापस जाना चाहते हैं। वे अपने देश की मदद करना चाहते हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि वे यहां भी रहें, लेकिन वे अपने देश की मदद करना चाहते हैं।
ट्रंप ने कहा क‍ि पिछले 50-60 वर्षों से दूसरे राष्ट्रपति इस बारे में सोचते रहे, लेकिन लगता है कि इसे मैं ही कर पाऊंगा।
इससे कुछ घंटे पहले, रुबियो ने मियामी होमस्टेड एयरपोर्ट पर भारत रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए और कड़ा बयान दिया।
रुबियो ने कहा क‍ि क्यूबा लगातार अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा रहा है। हमारे तट से सिर्फ 90 मील दूर एक नाकाम देश होना, जिसे हमारे विरोधियों के दोस्त चला रहे हों, यह भी बड़ा खतरा है। उन्होंने दावा किया कि क्यूबा में रूस और चीन की खुफिया मौजूदगी है और वहां दोनों देशों के हथियार सिस्टम भी पहुंचे हैं।
रुबियो ने हवाना पर लैटिन अमेरिका में अस्थिरता फैलाने वाले समूहों का समर्थन करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा क‍ि पूरे क्षेत्र में आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों में क्यूबा सबसे आगे रहा है।
व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने भी प्रशासन की चिंताओं को दोहराया। उन्होंने चेतावनी दी कि क्यूबा अमेरिका के दुश्मनों के लिए एक ऐसा ठिकाना बन सकता है जो अमेरिकी सीमा के बेहद करीब हो।
मिलर ने कहा क‍ि अमेरिका का कोई दुश्मन क्यूबा में हमला करने वाले ड्रोन भेज सकता है, जो वहां से बहुत आसानी से अमेरिकी इलाके तक पहुंच सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा क‍ि हम अपने इतने करीब दुश्मनों, विरोधियों या आतंकवादियों का ठिकाना नहीं बनने दे सकते।
रुबियो ने कहा कि अमेरिका क्यूबा को मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है, लेकिन यह मदद सिर्फ स्वतंत्र समूहों के जरिए दी जाएगी, न कि क्यूबा की सेना से जुड़े संगठनों के माध्यम से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *