हिमाचल प्रदेश : चंबा में भीषण हादसा, खाई में कार गिरने से 6 लोगों की मौत, सीएम सुक्खू ने जताया दुख

देश

चंबा । हिमाचल प्रदेश के चंबा में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां पर्यटकों की एक गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। वहीं, इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुख जताया है। साथ ही घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”चंबा जिले के काकिरा के पास हुई कार दुर्घटना में 6 लोगों के निधन और 4 लोगों के घायल होने की खबर सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।”
हादसा चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर ककीरा के समीप घार क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान गाड़ी में 10 लोग सवार थे। उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जहां स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव का कार्य शुरू किया गया।
हादसे में घायल लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *