लखनऊ, दिनांक 30 अप्रैल 2026 आज विकास भवन स्थित सभागार में जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत दिनांक 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित होने वाली स्वगणना (Self Enumeration) प्रक्रिया की कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन से संबंधित समस्त प्रशासनिक एवं तकनीकी बिंदुओं पर विभिन्न विभागों द्वारा नामित नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान कर निर्धारित अवधि में स्वगणना सुनिश्चित कराएं। इसके लिए प्रत्येक कार्यालय में स्वगणना संबंधी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए, जिससे कार्मिकों को प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो और किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अधिकतम संख्या में स्वगणना कराए जाने हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं।
जिलाधिकारी द्वारा ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रत्येक परिवार से एक सदस्य se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वगणना पूर्ण करे तथा प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखे।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट एवं बस स्टॉप जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वगणना से संबंधित जागरूकता हेतु स्टैंडी, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री स्थापित कराई जाए।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान नोडल अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान भी किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय जैन सहित जनगणना निदेशालय से डॉ. गौरव पाण्डेय (उप निदेशक), श्रीमती उपासना गिरी (सहायक निदेशक), श्री रमेश कुमार पाण्डेय (सांख्यिकीय अन्वेषक) एवं श्री अनिल सिंह उपस्थित रहे।
