‘बिहार की दुर्गति में सभी की भूमिका’, तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर पप्पू यादव का जवाब

बिहार राज्य

पटना । पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव के ‘बिहार सबसे गरीब राज्य’ वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्गति में सभी की भूमिका है। सभी ने बिहार को लूटा है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने केरल में एक चुनावी रैली के दौरान बयान दिया कि ‘बिहार देश का सबसे गरीब राज्य’ है। इस पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा, “बिहार दुनिया के सबसे गरीब क्षेत्रों में से एक बना हुआ है। बिहार पलायन, बेरोजगारी, अशिक्षा और बीमारियों के मामले में ऊंचे स्थान पर है। ज्यादातर फैक्टरियां बंद पड़ी हैं। इस दुर्गति में सभी की भूमिका है। सभी ने बिहार को लूटा है।”
उन्होंने कहा, “बिहार में 20-25 साल एनडीए की सरकार रही है और 20-25 साल वे लोग (राजद) भी सत्ता में रहे हैं। अब ‘सूप बोले तो बोले छलनी भी बोल’ रही है। हमाम में सब नंगे हैं।”
इसी बीच, पप्पू यादव ने नालंदा में हुई भगदड़ की घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैं नालंदा जा रहा हूं। मौतों के लिए कुप्रबंधन और सामाजिक अव्यवस्था दोनों जिम्मेदार हैं। यह कोई एक बार की घटना नहीं है। जहानाबाद में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी और पूरे देश में ऐसी भगदड़ें हो रही हैं। राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। कहां क्या हो रहा है, इससे सरकार को कोई मतलब नहीं है।”
उन्होंने कहा, ‘आयोजकों और मंदिर प्रशासन के खराब प्रबंधन और श्रद्धालुओं के साथ उनके व्यवहार सभी देखते हैं। लूटने की प्रवृति अनैतिक तरीके से चल रही होती है। नतीजा होता है कि लोगों में संतोष नहीं होता है। भगवान के जल्दी दर्शन की प्रवृति से भी घटनाएं घटती हैं। यह (नालंदा भगदड़) कोई छोटा-मोटा मुद्दा नहीं है। मैंने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया।”
पप्पू यादव ने यह भी कहा कि आज हमारा समाज गंदी सोच का हो चुका है। समाज में 80-85 प्रतिशत सूखा नशा खुल चुका है। लोगों में अश्लील वीडियो देखने की प्रवृति होती है। वे बेटी को भी बेटी नहीं समझते हैं। मुझे समाज की हालत पर तरस आता है, जहां अपराध, उत्पीड़न और शोषण खुलेआम होते हैं और भीड़ उन्हें रिकॉर्ड भी करती रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *