अयोध्या। “हमारा लक्ष्य है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक सस्ती, सुरक्षित और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें, ताकि कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे।“ – स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी’
सस्ती, सुरक्षित और प्रभावी उपचार व्यवस्था को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रामकृष्ण मिशन आश्रम, अयोध्या धाम में नियमित रूप से निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं का शुभारंभ किया गया है। जिसका उद्घाटन रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, लखनऊ के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी महाराज द्वारा किया गया।

भारत सरकार का आयुष मंत्रालय देशभर में होम्योपैथी को एक प्रभावी एवं उपयोगी चिकित्सा पद्धति के रूप में निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। इसी क्रम में जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा पूरक चिकित्सा (इंटीग्रेटिव हेल्थकेयर) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अयोध्या में यह सराहनीय पहल की गई है।
रामकृष्ण मिशन आश्रम, अयोध्या धाम (बायपास चौराहा, साकेत पेट्रोल पंप के निकट) स्थित इस होम्योपैथिक क्लीनिक में मरीजों को सुलभ, किफायती एवं मानवीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। होम्योपैथी अपनी सुरक्षित, कोमल एवं व्यक्ति-केंद्रित उपचार पद्धति के लिए जानी जाती है, जिसमें रोगी के शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य का भी समग्र ध्यान रखा जाता है। विशेष रूप से दीर्घकालिक (क्रॉनिक) रोगों में यह पद्धति अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती है।
*इस होम्योपैथिक चिकित्सा क्लीनिक में विशेषज्ञ सेवाएं डॉ. शालिनी सिंह (एम.डी. होम्योपैथी) द्वारा प्रदान की जा रही हैं, यह क्लीनिक सप्ताह में तीन दिन-सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को प्रातः 9ः00 बजे से दोपहर 1ः00 बजे तक संचालित हो रहा है।* जिससे मरीजों का नियमित रूप से उपचार हो रहा हैं। संपूर्ण व्यवस्था डॉ. अमित पाण्डेय, विभागाध्यक्ष (होम्योपैथी), विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संचालित हो रही है।
यह सेवा कार्य स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी महाराज, सचिव, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, लखनऊ के आशीर्वाद एवं प्रेरणा से संचालित हो रहा है, जिनका मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
*शिविर में उपलब्ध उपचार सेवाएं*
*इस चिकित्सा शिविर में निम्नलिखित रोगों का प्रभावी उपचार किया जा रहा है-*
*माइग्रेन, सिरदर्द, साइनस
*एलर्जी, दमा, सर्दी-खांसी
*कब्ज, गैस, एसिडिटी, पाइल्स
*थायराइड एवं मधुमेह (सहायक उपचार)
*जोड़ों का दर्द, सर्वाइकल
*त्वचा रोग -एक्जिमा, सोरायसिस, फंगल इंफेक्शन
*बाल झड़ना, डैंड्रफ
*महिलाओं की समस्याएं – पीसीओडी, अनियमित मासिक धर्म
*बच्चों के रोग – सर्दी-खांसी, कमजोर प्रतिरक्षा
*मानसिक समस्याएं – तनाव, अनिद्रा, चिंता आदि
*इस अवसर पर स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी ने कहा कि* इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक सुलभ, प्रभावी एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि लोग बिना आर्थिक बोझ के बेहतर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि यह क्लीनिक न केवल अयोध्या क्षेत्र के नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बनेगा, बल्कि आयुष पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगा।
