लखनऊ, 26 मार्च 2026 जनपद भदोही के जीआईसी ग्राउंड (ज्ञानपुर) में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने प्रत्येक नागरिक को अगले दस वर्षों के लिए अपना ‘आत्म लक्ष्य’ निर्धारित करने एवं उसे प्राप्त करने हेतु संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि अब समय पीछे मुड़कर देखने का नहीं, बल्कि आगे बढ़कर बड़ी छलांग लगाने का है। वर्ष 2047 तक देश और प्रदेश को विकसित बनाने के लिए गांव, तहसील, ब्लॉक और प्रत्येक नागरिक को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने इस अभिनव पहल को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने मुक्त कंठ से सराहा और आत्म लक्ष्य प्राप्ति का संकल्प लिया।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसके लिए व्यक्तिगत स्तर पर लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब हर व्यक्ति अपने लक्ष्य को लेकर संकल्पित होगा, तभी प्रदेश और देश तेजी से प्रगति करेगा। इस दौरान उन्होंने मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व विकास किया है। सड़क, बिजली, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि, आवास एवं कानून व्यवस्था सहित सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं और प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध त्रिपाठी, सांसद श्री विनोद बिंद, औराई विधायक श्री दीनानाथ भास्कर एवं ज्ञानपुर विधायक श्री विपुल दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री शर्मा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से सरकार के 9 वर्षों के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना तथा निशुल्क खाद्यान्न योजना से लाभान्वित लोगों की संख्या की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया तथा बच्चों द्वारा प्रस्तुत एंटी रोमियो विषयक नुक्कड़ नाटक की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध त्रिपाठी सांसद श्री विनोद बिंद्रा विधायक औराई से दीनानाथ भास्कर विधायक ज्ञानपुर श्री विपुल दुबे जिला अध्यक्ष श्री दीपक मिश्रा पूर्व विधायक श्री रविंद्र त्रिपाठी जिलाधिकारी श्री शैलेश कुमार पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव त्यागी, अन्य जनप्रतिनिधि,प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
