विवेकानन्द पॉलीक्लिनिक एवं आयुर्विज्ञान विज्ञान संस्थान, लखनऊ – एक 500 बिस्तरों वाला, एन.ए.बी.एच. मान्यता प्राप्त सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल है जो पिछले 8 दशकों से लखनऊ एवं आसपास के क्षेत्रों तथा नेपाल तक के मरीजों को 24×7 अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान करता आ रहा है, में एक नई ट्रॉमा यूनिट प्रारम्भ की गई है।
यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि संस्थान ने अब अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए आपातकालीन विभाग से संबद्ध एक नई ट्रॉमा सर्जरी यूनिट की स्थापना की है, जो दिन-रात कार्यरत रहेगी। इस यूनिट में कुशल चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम उपलब्ध होगी, जिसमें ऑर्थोपेडिक, प्लास्टिक, न्यूरो, जनरल, पीडियाट्रिक एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के विशेषज्ञ शामिल हैं। इसके साथ ही अनुभवी ट्रॉमा एवं क्रिटिकल केयर इंटेंसिविस्ट, इमरजेंसी आईसीयू, वेंटिलेटर तथा अन्य आवश्यक उपकरणों एवं सहयोगी सेवाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
संस्थान के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द ने कहा कि ये सेवाएं लखनऊ एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को समर्पित की जा रही हैं, ताकि स्वामी विवेकानन्द जी के उस आदर्श -“मरीजों की सेवा में ईश्वर की सेवा” – को साकार किया जा सके।
