नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन से पहले तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. तेज गेंदबाज हर्षित राणा इंजर्ड हैं और उनका आगामी आईपीएल 2026 में खेलना मुश्किल हैं. अगर हर्षित राणा समय पर फिट नहीं हो पाते, तो यह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बड़ा झटका साबित होगा.
हर्षित राणा 15 मार्च (रविवार) को नई दिल्ली में आयोजित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के वार्षिक नमन अवॉर्ड्स समारोह में भी शरीक हुए. हालांकि इस समारोह के दौरान हर्षित बैसाखियों के सहारे चलते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर नई चिंता पैदा हो गई है. अब सवाल उठने लगा है कि वो कब तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे.
इस समारोह में हर्षित राणा बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यू (मेन्स) का अवॉर्ड लेने के लिए पहुंचे थे, लेकिन वह स्टेज तक चलकर नहीं जा सके. ऐसे में आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल खुद नीचे आए और उन्हें सम्मान दिया. इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद उनकी चोट और रिकवरी को लेकर चर्चा और तेज हो गई.
हर्षित राणा को कब लगी थी चोट?
हर्षित राणा को इस साल आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लगी थी. चोट इतनी गंभीर थी कि वह बाहर हो गए थे. उनकी जगह भारतीय टीम में मोहम्मद सिराज को शामिल किया गया था. इसके बाद हर्षित राणा ने 9 फरवरी को मुंबई में घुटने की सर्जरी कराई. इस तरह की चोट से पूरी तरह उबरने में करीब दो से तीन महीने का समय लग सकता है. सर्जरी सफल रही, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए आईपीएल 2026 में उनके खेलने पर पूरी तरह संशय बना हुआ है.
हर्षित राणा ने साल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उसके बाद भी हर्षित इस फ्रेंचाइजी के लिए लगातार असरदार प्रदर्शन करते रहे. खासतौर पर डेथ ओवर्स में उन्होंने खुद को एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज के रूप में स्थापित किया है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की परेशानी इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि मुस्ताफिजुर रहमान अब टीम का हिस्सा नहीं हैं, जबकि मथीशा पथिराना भी फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं. फ्रेंचाइजी ने मुस्ताफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को जोड़ा है, लेकिन हर्षित राणा जैसी भूमिका निभाने वाला भारतीय पेसर ढूंढना आसान नहीं होगा.
फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स के पेस अटैक में वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और आकाश दीप जैसे गेंदबाज शामिल हैं. लेकिन अगर हर्षित राणा उपलब्ध नहीं होते, तो टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण अनुभव और धार दोनों में कमजोर नजर आ सकता है.
