विकास खण्ड बक्शी का तालाब, चिनहट, काकोरी एवं नगर पंचायत महोना, बक्शी का तालाब के कुल 95 जोड़ों के हुए सामूहिक विवाह

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

मलिहाबाद के रजवाड़ा लॉन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत 95 जोड़ों के सामूहिक विवाह संपन्न कराये गये। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कौशल किशोर, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जी द्वारा दीप प्रज्वलन कर सामूहिक विवाह प्रारंभ कराया गया। जिसमें विकास खण्ड बक्शी का तालाब के 60, काकोरी के 19, चिनहट के 4 जोड़े एवं नगर पंचायत बक्शी का तालाब के 9 व नगर पंचायत महोना के 3 जोड़ों सहित कुल 95 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।

श्री किशोर जी ने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति समर्पित है। जिसके अंतर्गत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में गरीब परिवारों की कन्याओं के विवाह की पूरी जिम्मेदारी सरकार द्वारा ली गई है। यहां किसी भी वर्ग के जोड़ों को सामूहिक विवाह करने पर कन्या के खाते में रुपये 60 हजार एवं विवाह स्थल पर ही रुपये 25 हजार की वैवाहिक उपहार सामग्री भी प्रदान की जाती है। साथ ही रुपये 15 हजार में विवाह की सारी तैयारी विभाग स्वयं करता है। उन्होंने नव विवाहित वर वधू को आशीर्वाद प्रदान करते हुए अपील की कि सभी युवा नशे से दूर रहे और संकल्प लें कि नशा उन्मूलन में सहयोगी बनेंगे। कार्यक्रम के बाद बक्शी का तालाब ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री रामेंद्र सिंह एवं खंड विकास अधिकारी द्वारा स्वयं समस्त नव विवाहित वर वधू को वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया सामूहिक विवाह विधासभावार आयोजित हो रहे हैं। जिसकी कड़ी में कल दिनांक 18 फरवरी को विकास खण्ड मलिहाबाद के 100 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसी प्रकार गोसाईगंज के विशाल लॉन में विकाश खंड गोसाईगंज, सरोजनीनगर के 86 जोड़ो के सामूहिक विवाह भी संपन्न कराये जा रहे हैं।

कार्यक्रम की दौरान श्री अंकित कुमार उपजिलाधिकारी मलीहाबाद एवं श्री सुशील कुमार सिंह उपायुक्त मनरेगा द्वारा स्वयं अपनी देखरेख में सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी के साथ में श्रीमती पूजा खण्ड विकास अधिकारी बक्शी का तालाब, चिनहट, श्री भानु प्रताप सिंह खण्ड विकास अधिकारी काकोरी एवं श्री अनूप खण्ड विकास अधिकारी मलिहाबाद द्वारा उपस्थित रहकर समस्त व्यवस्थाएं की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *