नई दिल्ली : हिंदी सिनेमा के दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान को मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. वह 90 साल के हैं. फिलहाल उनकी तबीयत को लेकर परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की वजह भी स्पष्ट नहीं की गई है. उनके बेटे और सुपरस्टार सलमान खान को भी आज अस्पताल परिसर में देखा गया. सलमान काले टी-शर्ट और कैप में नजर आए और सुरक्षाकर्मियों से घिरे हुए थे.
खान परिवार की ओर से अभी तक कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया गया है. 90 साल के सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं. नवंबर 2025 में उन्होंने अपना 90वां जन्मदिन मनाया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं.
फैंस की बढ़ी चिंता
जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर फैंस की चिंता साफ नजर आने लगी. हजारों लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए संदेश पोस्ट कर रहे हैं. 90 वर्ष की उम्र में भी सलीम खान का नाम हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली लेखकों में शुमार किया जाता है.
पिता सलीम खान के साथ हॉस्पिटल पहुंचे सलमान खान
सलीम खान ने अपने लेखन साथी जावेद अख्तर के साथ मिलकर ‘सलीम-जावेद’ की मशहूर जोड़ी बनाई थी. 1970 के दशक में इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा की कहानी कहने की शैली को नई दिशा दी. उनकी लिखी फिल्मों में शोले को भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में गिना जाता है. इसके अलावा दीवार, जंजीर और डॉन जैसी फिल्मों ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफलता पाई बल्कि ‘एंग्री यंग मैन’ की छवि को भी स्थापित किया.
फिलहाल परिवार की ओर से स्वास्थ्य को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है. इंडस्ट्री से जुड़े लोग और प्रशंसक लगातार उनके ठीक होने की दुआ कर रहे हैं. सभी को उम्मीद है कि सिनेमा को नई पहचान देने वाले इस दिग्गज लेखक की सेहत जल्द सुधरेगी और वह जल्द ही घर लौटेंगे.
