नई दिल्ली : मुंबई की अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने ओशिवारा फायरिंग मामले में एक्टर और फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान (KRK) को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. उन्हें आज 30 जनवरी को जमानत मिल गई है. पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहराई से जांच कर रही है, जबकि केआरके ने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है.
केआरके की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया था. पुलिस ने दावा किया था कि केआरके ने पूछताछ के दौरान कुबूल किया था कि फायरिंग उनकी लाइसेंसी बंदूक से हुई थी. केआरके के वकील ने दावों को तकनीकी रूप से असंभव बताते हुए इसे ‘बॉलीवुड की साजिश’ कहा है.
पुलिस के दावे पर उठाए सवाल
मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह घटना कुछ दिनों पहले ओशिवारा में मौजूद एक रिहायशी इलाके में हुई थी. सीसीटीवी फुटेज और लोकल गवाहों के आधार पर पुलिस ने केआरके को हिरासत में लिया था. बांद्रा कोर्ट ने पहले उन्हें 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा था, जिसके बाद अब उन्हें न्यायिक हिरासत में ट्रांसफर कर दिया. केआरके के वकील नागेश मिश्रा ने कोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए इस मामले को पूरी तरह ‘फर्जी’ बताया. उन्होंने पुलिस के दावों पर सवाल उठाते हुए कुछ अहम बातें रखीं.
वकील ने केस को बताया ‘बॉलीवुड की साजिश’
केआरके के वकील के अनुसार, जिस बंदूक का जिक्र किया जा रहा है, उसकी अधिकतम रेंज 20 मीटर है, जबकि जिस स्थान पर गोली चलने की बात कही जा रही है, वह 400 मीटर दूर है. वकील ने आरोप लगाया कि फिल्म इंडस्ट्री के कई ताकतवर लोग पुलिस को उकसा रहे हैं ताकि केआरके को इस मामले में फंसाया जा सके. बचाव पक्ष का कहना है कि कथित अपराध और आरोपी के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है. पुलिस अभी भी घटना से जुड़े सबूतों और गवाहों के बयानों की पड़ताल कर रही है.
