लखनऊ : मजाक में पति ने बुलाया ‘बंदरिया’ तो नाराज पत्नी ने लगा ली फांसी

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में मजाक करने पर एक युवती ने फांसी लगा ली. बताया जा रहा है कि पति ने पत्नी को मजाक में बंदरिया बोल दिया जिससे आहत होकर पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

राहुल श्रीवास्तव ने जब पत्नी को बुलाने के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने खिड़की से झांककर देखा. अंदर पत्नी रोशनदान में कपड़े का फंदा लगाकर लटकी हुई थी. आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतका की पहचान सआदतगंज लकड़ी मंडी की रहने वाली तनु सिंह के रूप में हुई है. तनु ने चार साल पहले इंदिरानगर तकरोही निवासी राहुल श्रीवास्तव से लव मैरिज की थी. दोनों की मुलाकात एक दोस्त के जरिए हुई थी और परिवारों की सहमति के बाद शादी हुई थी. राहुल ऑटो चालक है और दोनों इंदिरानगर में साथ रह रहे थे.

परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम परिवार सीतापुर से एक रिश्तेदार के घर से लौटकर आया था. घर में सभी लोग हंसी-मजाक कर रहे थे, इसी दौरान राहुल ने मजाक में तनु को ‘बंदरिया’ कह दिया. इस बात से तनु नाराज होकर होकर अपने कमरे में चली गई. परिजनों को लगा कि वह कुछ देर में सामान्य हो जाएगी, लेकिन करीब एक घंटे बाद खाने के लिए आवाज देने पर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया.

तनु की बहन अंजलि ने बताया कि तनु को मॉडलिंग का शौक था और वह इसे लेकर काफी संवेदनशील रहती थी. पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *