पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की अटकलों पर लगाया विराम, कटाया कोलंबो का टिकट

स्पोर्ट्स

नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की अटकलों पर लगभग विराम लगा दिया है. बोर्ड ने अपनी टीम के 2 फरवरी की सुबह श्रीलंका के कोलंबो रवाना होने की पूरी तैयारी कर ली है. इससे यह साफ हो गया है कि न तो टूर्नामेंट का बहिष्कार होगा और न ही 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पाकिस्तान पीछे हटेगा.

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पीसीबी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि वर्ल्ड कप के लिए यात्रा कार्यक्रम पहले ही तय किया जा चुका है. ऐसे में बहिष्कार की बातों में कोई दम नहीं है. सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी ने भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की सुरक्षा चिंताओं का समर्थन जरूर किया था, लेकिन इसके आगे जाना आईसीसी में अपनी स्थिति को कमजोर करना होता.

गौरतलब है कि बीसीसीआई, पीसीबी और आईसीसी के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत 2027 तक भारत-पाकिस्तान के सभी आईसीसी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे. इस कारण पाकिस्तान के पूरे वर्ल्ड कप मैच, यहां तक कि फाइनल (यदि टीम क्वालिफाई करती है), श्रीलंका में ही होने हैं.

एक अधिकारी ने सवाल उठाया, ‘जब पूरा शेड्यूल श्रीलंका में है, तो फिर भारत के खिलाफ मैच या टूर्नामेंट के बहिष्कार का कोई आधार ही नहीं बनता.’

पाक पीएम के साथ बैठक में क्या हुआ
सूत्रों ने यह भी बताया कि पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मुलाकात में साफ किया था कि किसी भी फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित रहना चाहिए और आईसीसी व अन्य बोर्डों के साथ रिश्ते खराब नहीं होने चाहिए.

अंदरूनी सूत्रों ने मीडिया में चल रही बहिष्कार की खबरों को अफवाह बताया और कहा कि भारत सरकार की ओर से पाकिस्तान में खेलने से इनकार का मतलब यह नहीं है कि न्यूट्रल वेन्यू पर भारत-पाकिस्तान मुकाबले नहीं हो सकते.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *