हिमाचल के सोलन में भीषण अग्निकांड : अर्की बाजार में आग से बच्ची की जिंदा जलकर मौत, 8 लोग लापता

देश

6 मकान राख, सिलेंडर फटने से मची भगदड़ सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में रविवार आधी रात भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 साल की एक बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 8 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 2 महिलाएं, 2 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत बाजार क्षेत्र में स्थित एक दो मंजिला रिहायशी मकान से हुई। मकान की निचली मंजिल पर दुकानें थीं, जबकि ऊपरी मंजिल पर नेपाल और बिहार से आए मजदूर रह रहे थे। आग तेजी से फैलती हुई आसपास की दुकानों और मकानों तक पहुंच गई।
सिलेंडर फटने से हालात बिगड़े
आग लगने के दौरान एक के बाद एक कई एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे आग और अधिक भड़क गई। धमाकों की तेज आवाज से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
6 मकान जलकर राख
इस भीषण अग्निकांड में कम से कम 6 मकान और कई दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग से लाखों रुपये का सामान नष्ट होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घंटों की मशक्कत के बाद काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, वहीं लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *