ढाका। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के 26 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने के फैसले को लेकर बांग्लादेश में गहरा रोष देखने को मिल रहा है। इस फैसले से बांग्लादेशी क्रिकेट प्रशंसक दुखी, निराश और नाराज़ बताए जा रहे हैं। इन हालात के बीच बांग्लादेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक देश में सभी IPL मैचों और उनसे जुड़े कार्यक्रमों का ब्रॉडकास्ट और टेलीकास्ट नहीं किया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, यह निर्णय मौजूदा हालात और जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। गौरतलब है कि मुस्तफिजुर रहमान को KKR से रिलीज़ किए जाने का फैसला BCCI और IPL गवर्निंग काउंसिल के निर्देशों के तहत लिया गया था।
