जयपुर। राजस्थान में बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में रविवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन और रात दर्ज की गई। हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार तीसरे दिन तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। जयपुर, सीकर, पिलानी और झुंझुनूं में भी सीजन की सबसे सर्द रात रही। सोमवार सुबह जयपुर, नागौर, उदयपुर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश के सात शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जबकि 18 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। कोटा और बारां में दिन में भी रात जैसी गलनभरी ठंड महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान 14 डिग्री से नीचे रहा। उदयपुर शहर में इस सीजन पहली बार इतना घना कोहरा देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। सीकर में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, जबकि कोटा में यह 100 से 150 मीटर के बीच रही। डीडवाना-कुचामन और परबतसर क्षेत्रों में भी लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण वाहनों की हेडलाइट दिन में भी जलानी पड़ी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक कड़ाके की सर्दी जारी रहने की संभावना है। जयपुर संभाग में चार दिनों तक कोल्ड-वेव का असर रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने कई जिलों में कोहरे और कोल्ड-वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
