जिला स्तरीय व्यापार बन्धु की बैठक जिलाधिकारी लखनऊ / अध्यक्ष जिला स्तरीय व्यापार बन्धु श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में दिनांक 26 दिसम्बर 2025 को कलेक्ट्रेट सभागार, लखनऊ में आयोजित की गई।

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 29 दिसम्बर 2025 जिला स्तरीय व्यापार बन्धु की बैठक जिलाधिकारी लखनऊ / अध्यक्ष जिला स्तरीय व्यापार बन्धु श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में दिनांक 26 दिसम्बर 2025 को कलेक्ट्रेट सभागार, लखनऊ में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा लखनऊ उद्योग व्यापार मण्डल (पंजीकृत), उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मण्डल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, भारतीय उद्योग किसान व्यापार मण्डल सहित विभिन्न व्यापार संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

 

बैठक के दौरान व्यापार मंडलों द्वारा अवगत कराया गया कि तालकटोरा रोड स्थित दुकानों का किराया वर्ष 2017 से अब तक नगर निगम द्वारा जमा नहीं कराया जा रहा है, जबकि पूर्व महापौर एवं नगर विकास मंत्री द्वारा दो वर्ष का किराया पुराने दर पर जमा कराए जाने के निर्देश दिए जा चुके हैं तथा नगर निगम सदन द्वारा भी इस प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जोनल अधिकारी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराएं।

 

बैठक में विजय नाका क्षेत्र में टेढ़ी पुलिया के पास अस्थायी अतिक्रमण, नाका क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की अनुपलब्धता तथा बांसमंडी फ्लाईओवर के नीचे स्थित कूड़ा घर को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का विषय भी उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी द्वारा अतिक्रमण एवं जाम की समस्या के निराकरण हेतु नगर निगम, पुलिस विभाग एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। साथ ही शौचालय निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश नगर निगम को दिए गए। बांसमंडी फ्लाईओवर के नीचे स्थित कूड़ा घर के स्थानांतरण के संबंध में अपर नगर मजिस्ट्रेट, नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित जोनल अधिकारी को संयुक्त सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

विगत बैठक में आलमनगर पुल पर लाल मस्जिद के पास रेलिंग गिरने का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर नगर निगम द्वारा अवगत कराया गया कि रेलिंग की मरम्मत कार्य पूर्ण करा दिया गया है। इस पर व्यापार संगठनों द्वारा संतोष व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

 

बैठक में लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री अमरनाथ मिश्रा एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री सुरेश छबलानी द्वारा अवगत कराया गया कि ऐशबाग से अमीनाबाद तक पाइपलाइन डालने के उपरांत सड़क का समुचित रेस्टोरेशन नहीं किया गया है तथा केवल पैचवर्क कराया गया है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा नगर निगम को सड़क के पूर्ण रेस्टोरेशन के निर्देश दिए गए तथा कार्य की गुणवत्ता की पृथक से जांच कराए जाने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर (पूर्व) श्री महेन्द्र पाल सिंह, डीसी डीआईसी, डीसी वाणिज्य कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद लखनऊ के समस्त प्रमुख व्यापार मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *