शीत लहर के प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए जनपद लखनऊ में जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबलों का वितरण किया गया।

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

शीत लहर के प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए जनपद लखनऊ में आमजन, विशेषकर निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को राहत प्रदान किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 द्वारा नगर क्षेत्र के परिवर्तन चौक, केडी सिंह स्टेडियम, हजरतगंज चौराहा, बालू अड्डा सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबलों का वितरण किया गया।

जिलाधिकारी द्वारा परिवर्तन चौक स्थित अस्थाई रैन बसेरा एवं बालू अड्डा स्थित अस्थाई रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में निर्देशित किया गया कि सभी रैन बसेरों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, बिस्तर एवं पर्याप्त संख्या में कंबलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

साथ ही शीत लहर के दृष्टिगत नगर क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को दिए गए।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन गश्त एवं फील्ड भ्रमण को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति शीत लहर के कारण असुरक्षित न रहे। जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाने की समुचित व्यवस्था स्थानीय अपर नगर मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम के जोनल कार्यालय द्वारा सुनिश्चित की जाए।

उक्त निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, तहसीलदार सदर, नगर निगम जोनल अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *