नई दिल्ली : दिल्ली में NCP (SP) प्रमुख शरद पवार के 85वें जन्मदिन पर आयोजित डिनर पार्टी की सियासी गलियारों में खूब चर्चा है. वजह यह कि इस पार्टी में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और उद्योगपति गौतम अडानी एक ही कमरे में आमने-सामने मौजूद थे. हालांकि, इस फ्रेम की अब तक कोई तस्वीर सामने नहीं आई. और शायद यही इस मुलाकात का सबसे अहम राजनीतिक संदेश भी है.
शरद पवार 12 दिसंबर को 85 साल के हो गए. इस मौके पर दिल्ली में उनकी बेटी और एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले की ओर से एक डिनर पार्टी आयोजित की गई. इस पार्टी में सत्ता और विपक्ष… दोनों खेमों के नेता, केंद्रीय मंत्री, सांसद और बड़े उद्योगपति शामिल हुए.
एक ही कमरे में आमने-सामने थे राहुल गांधी और अडानी
इस डिनर की सबसे खास बात यह रही कि पहली बार राहुल गांधी और गौतम अडानी एक ही कमरे में आमने-सामने मौजूद थे. राहुल गांधी और गौतम अडानी आमने-सामने देखे गए. हालांकि, वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने इस पल की तस्वीर नहीं ली.
‘ताकि कोई तस्वीर ना ले सके…’
यह भी चर्चा है कि दोनों के बीच औपचारिक रूप से हाथ मिलाया गया या नमस्ते हुई? इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा है. दोनों लोग आमने-सामने आए. मुझे लगता है कि शायद हैंडशेक भी हुआ. आदेश रावल का कहना था कि उसी समय कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने स्थिति को भांपते हुए हस्तक्षेप किया, ताकि आसपास मौजूद कोई व्यक्ति तस्वीर ना ले सके.
‘कांग्रेस के रुख में आई नरमी’
पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा है कि गौतम अडानी को लेकर कांग्रेस का रुख नरम हुआ है. इस डिनर पार्टी में कांग्रेस शासित तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी शामिल हुए. जिनके राज्य में एक बार फिर गौतम अडानी ने निवेश किया है. पहले भी अडानी ने तेलंगाना में निवेश किया था, लेकिन तब राजनीतिक विवाद होने की वजह से निवेश वापस कर दिया गया था. रेवंत रेड्डी के आने से कुछ लोग वहां सरप्राइज भी हुए. मुझे ऐसा लग रहा है कि कुछ समीकरण बदले हैं. उसका यह नतीजा है.
