नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की 15 से 20 दिसंबर तक प्रस्तावित जर्मनी यात्रा को लेकर सियासत गरमा गई है। संसद का शीतकालीन सत्र जारी होने के बीच उनकी विदेश यात्रा पर भाजपा ने कड़ा हमला बोला है, जबकि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी के विदेशी दौरों का हवाला देते हुए पलटवार किया है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए ‘LoP’ का मतलब लीडर ऑफ टूरिज्म है। पूनावाला ने आरोप लगाया कि जब देश के नेता काम में जुटे हैं, राहुल गांधी छुट्टियों के मूड में हैं। अन्य भाजपा सांसदों—कंगना रनोट और संजय जायसवाल—ने भी इस यात्रा पर सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के हमले को बेबुनियाद बताते हुए राहुल का बचाव किया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यकाल का आधा समय विदेशों में बिताते हैं, फिर विपक्ष के नेता की यात्रा पर आपत्ति क्यों? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक दुर्भावना के चलते इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है।
राहुल गांधी 17 दिसंबर को बर्लिन में होने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे यूरोप के विभिन्न देशों से आए भारतीय प्रवासी नेताओं से चर्चा करेंगे। IOC के अनुसार, यह दौरा कांग्रेस के वैश्विक संवाद को और मजबूत करेगा।
IOC ऑस्ट्रिया के अध्यक्ष औसाफ खान ने कहा कि संगठन राहुल गांधी का स्वागत करने को उत्साहित है। कार्यक्रम में IOC अध्यक्ष सैम पित्रोदा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। यहां NRI से जुड़े मुद्दों, कांग्रेस की विचारधारा और वैश्विक रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी।
