लखनऊ, दिनांक 25 नवम्बर, 2025 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-174 लखनऊ मध्य के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्रों का कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने क्रिश्चियन कॉलेज के बूथ 105, 106, 107, 108 एवं 109 का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात उन्होंने कैसरबाग स्थित रीड हाल के बूथ संख्या 110, 111, 112, 113 एवं 114 का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) द्वारा अवगत कराया की एन्यूमिरेशन फॉर्म का वितरण पूरा किया जा चुका है। मतदाताओं द्वारा विधिवत रूप से भरे गए गणना प्रपत्र को बीएलओ के पास वापस जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। जमा किए जा रहे फॉर्म का डिजिटाइजेशन कार्य भी बीएलओ द्वारा समानांतर रूप से किया जा रहा है।
बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे फॉर्म भरने में मतदाताओं को आने वाली किसी भी शंका या संदेह का तत्काल समाधान करें। ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइज़र्स, और समस्त बीएलओ सहित सभी अधिकारीगण इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए लगातार भ्रमणशील हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 4 दिसंबर की समय सीमा के भीतर सभी गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन पूरा करने का लक्ष्य है। समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने गणना प्रपत्र को जल्द से जल्द भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ से गणना प्रपत्रों के कलेक्शन की स्थिति, मतदाताओं से संपर्क की प्रगति तथा मोबाइल एप के माध्यम से की जा रही फीडिंग की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि गणना प्रपत्र दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 से पूर्व संकलित कर लिए जाएं।
उक्त के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मरकरी हाल में आयोजित RWA के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों को जल्द से जल्द गणना प्रपत्रों को बीएलओ के पास जमा करने के लिए जागरूक किया गया। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों को गणना प्रपत्र को भरने की प्रक्रिया, 2003 की एस आई आर मतदाता सूची के नाम कैसे ढूंढे इसकी प्रकिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारियों से अनुरोध किया गया कि जो भी बाते आज यहां बैठक में बताई गई हैं। उन सभी बातों को आप सब लोग अपनी सोसाइटी के लोगों के साथ भी साझा करते हुए उनको जागरूक करे। साथ ही यह भी अपेक्षा की गई के गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसम्बर की प्रतीक्षा न करे, जल्द से जल्द अपना गणना प्रपत्र भर कर बीएलओ के पास जमा करें।
