सेंट ज़ेवियर्स कॉन्वेंट स्कूल, गोमती नगर, लखनऊ में वार्षिक खेल दिवस 2025 का सफलतापूर्वक आयोजन अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ विद्यालय प्रांगण में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक तंदुरुस्ती, टीम भावना और खेल–भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र खेल–मशाल प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके उपरांत प्रभावशाली मार्च-पास्ट, स्वागत गीत तथा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने विविध आकर्षक प्रतियोगिताओं—मेंढक दौड़, बैग पैक रेस, ईट एंड रन रेस, बॉल बैलेंसिंग रेस, थ्री-लेग रेस, सैक रेस, स्पाइडर रेस, टनल रेस तथा स्लो साइकिल रेस—द्वारा दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के प्रतिभागियों ने पिरामिड गठन, ताइक्वांडो और तीरंदाजी के शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत किए, जो अत्यधिक सराहनीय रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंटर-हाउस वॉलीबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल रहा, जिसमें एक टीम के पाँच राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल-प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। अभिभावकों एवं आगंतुकों ने समस्त मैदानी प्रतियोगिताओं की प्रशंसा करते हुए प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।
लोक शांति पुरस्कार विजेता एवं समाजसेवी, पर्यावरणविद, शिक्षाविद तथा मानवाधिकार एवं शांति कार्यकर्ता डॉ. अरजुमंद ज़ैदी ने सभी विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके सहयोग और उपस्थिति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने विद्यालय परिवार के समर्पण की प्रशंसा करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, खेल–भावना और समग्र विकास के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के रूप में श्री दानिश आज़ाद अंसारी , मंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ; श्री पवन सिंह चौहान, एम .ल .सी; तथा श्री मनोज कुमार त्रिपाठी, पूर्व डी.जी सी, उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशिष्टता प्रदान की। अपने संबोधन में माननीय अतिथियों ने विद्यालय द्वारा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए किए जा रहे उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय गतिविधियों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी, नियमित उपस्थिति तथा शैक्षिक निरिक्षण को अत्यंत आवश्यक बताया। साथ ही, उन्होंने डॉ. अरजुमंद ज़ैदी तथा सुश्री इरम ज़ैदी के शिक्षा और युवा विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का सफल प्रभंधन व आयोजन , प्रबंध सचिव काकोली घोष, कार्यवाहक प्रधानाचार्य योगेन्द्र प्रताप यादव, तथा उप-प्रधानाचार्या रोली श्रीवास्तव के द्वारा शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों के सहयोग से पूर्ण किया गया और अभिभावकों का अभिनंदन किया गया l समारोह का समापन पुरस्कार वितरण द्वारा विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए हुआ।
सेंट ज़ेवियर्स कॉन्वेंट स्कूल शैक्षिक उत्कृष्टता के साथ–साथ शारीरिक स्वस्थता, टीम भावना और चरित्र निर्माण को बढ़ावा देने के अपने संकल्प पर दृढ़तापूर्वक अग्रसर है। विद्यालय समुदाय अभिभावकों एवं समाज के निरंतर सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता है।
