अंबाला (हरियाणा)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को भारतीय वायुसेना के इतिहास में एक और गौरवपूर्ण पल दर्ज करते हुए अंबाला वायुसेना स्टेशन से राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। उड़ान से पहले राष्ट्रपति को वायुसेना स्टेशन पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अंबाला एयरबेस का चुनाव इसलिए खास है क्योंकि यहां राफेल के पहले बैच की तैनाती हुई थी। भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह भी एक अन्य विमान में उड़ान भर रहे हैं।ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी राष्ट्रपति को ले जाने वाले विमान के पायलट हैं। वह भारतीय वायु सेना की नंबर 17 स्क्वाड्रन, “गोल्डन एरो” के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) भी हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति का स्वागत वरिष्ठ वायुसेना अधिकारियों ने किया और उन्हें राफेल विमान की विशेषताओं, परिचालन क्षमता और भारत की वायु सुरक्षा में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। राफेल में उड़ान भरते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यह अनुभव भारतीय वायुसेना की अदम्य शक्ति, अनुशासन और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रमाण है। उन्होंने वायुसेना कर्मियों की राष्ट्र सुरक्षा और सेवा भावना की सराहना की।
