ग्वालियर : मध्य प्रदेश में ग्वालियर रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी एक बस में कंडक्टर ने एक विवाहित महिला के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के बाद परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया है. वहीं महिला के बारे में बताया जा रहा है कि अपने पति से विवाद के बाद शिवपुरी से भिंड लौट रही थी.
झांसा देकर बस में बैठाया
बता दें कि आरोपी बस कंडक्टर का नाम विष्णु ओझा है. कंडक्टर ने उसे झांसे में लेकर बस में बैठाया और रात में बस खाली होने पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. महिला ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पर सूचना दी. पुलिस ने तत्परता दिखाकर आरोपी को बस स्टैंड से ही गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पति से प्रताड़ित थी महिला
दरअसल, भिंड जिला की रहने वाली एक 27 साल की महिला की शादी छह साल पहले शिवपुरी निवासी एक युवक से हुई थी. दोनों का दो साल का एक बेटा भी है, पर कुछ समय से महिला का पति उसे प्रताड़ित कर रहा था. जिस पर उसने शिवपुरी देहात थाना में शिकायत की थी और अभी भिंड कोर्ट में पति से भरण पोषण का केस चल रहा है. कोर्ट में लगातार तारीख पर पति नहीं आ रहा है. महिला उसी का पता लगाने के लिए सोमवार को भिंड से शिवपुरी देहात के लिए निकली थी.
बस के दरवाजे अंदर से लॉक कर किया दुष्कर्म
करीब 9.30 बजे बस कंडक्टर वापस लौटा. उसने खाली बस के दरवाजे अंदर से लॉक कर दिए. महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया. बलात्कार करने के बाद वह बस से निकलकर महिला को वहीं छोड़कर चला गया.घटना के बाद डरी व सहमी महिला ने तत्काल बस स्टैंड के बाहर पहुंचकर DIAL 112 को सूचना दी. पुलिस ने तत्काल महिला को थाने पहुंचाया. पुलिस महिला को लेकर तत्काल वापस बस स्टैंड पर आई. यहां बस की पहचान करने के बाद पुलिस ने आरोपी विष्णु ओझा को भागने से पहले ही धर दबोच लिया.
