जयपुर : जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रामा सेंटर में रविवार देर रात भीषण आग लग जाने से छह लोगों लोगों की मौत हो गई है. यहां दूसरी मंजिल पर स्थित आईसीयू वार्ड को आग लपटों ने तेजी से अपनी जद कर लिया, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया है. बताया जा रहा है कि जिस वक्त आग लगी उस समय ICU में 24 मरीज मौजूद थे. आग की लपटें देख अस्पताल के कर्मचारी और ICU वार्ड के बाहर मौजूद तीमारदार तुरंत बिना कुछ सोचे-समझे अपने मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया. बावजूद उसके दम घुटने से आधा दर्जन लोगों की जान चली गई और कई की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना पर एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर प्रभारी अनुराग धाकड़ ने कहा, ‘ट्रॉमा सेंटर में दूसरी मंजिल पर दो आईसीयू हैं. एक ट्रामा आईसीयू और एक सेमी-आईसीयू. जहां कुल 24 मरीज़ थे, इनमे 11 मरीज ट्रामा आईसीयू में जबकि सेमी-आईसीयू में 13 मरीज भर्ती थे. ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेज़ी से फैल गई, जिससे जहरीली गैसें निकलीं. ज्यादातर गंभीर मरीज बेहोशी की हालत में थे.’
पांच और मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है
इसके अलावा ट्रॉमा सेंटर प्रभारी ने कहा, ‘हमारी ट्रॉमा सेंटर टीम, हमारे नर्सिंग ऑफिसर और वार्ड बॉय ने तुरंत उन्हें ट्रॉलियों पर लादकर बचाया और जितने मरीजों को हम आईसीयू से बाहर निकाल पाए, उन्हें दूसरी जगह ले गए. उनमें से छह मरीजों की हालत बहुत गंभीर थी. हमने सीपीआर से उन्हें होश में लाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.पांच मरीज अब भी गंभीर हैं. मृतकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं. मृतकों की पहचान पिंटू (सीकर) , दिलीप (आंधी) , श्रीनाथ (भरतपुर), रुक्मणि (भरतपुर), खुशमा (भरतपुर) और बहादुर (सांगानेर) के रूप में हुई है.’
मरीजों को बेड सहित सड़क पर लेकर भागे
तिमारदार (पेशेंट के साथ मौजूद उसके घरवाले या रिश्तेदार) अपने-अपने मरीजों को बेड सहित लेकर अस्पताल से बाहर भागे. कई गंभीर मरीजों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें एसएमएस अस्पताल के बाहर सड़क पर मरीज बेड पर ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ लेटे हुए हैं. फिलहाल अस्पताल प्रशासन और दमकल विभाग की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
