जज रूम और कोर्ट परिसर में रखें हैं तीन बम…धमकी भरा ईमेल मिलते ही खाली कराया गया दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट

देश

नई दिल्ली : दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट में बम रखे जाने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया है. शुक्रवार दोपहर मेल के जरिये दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट में बम की खबर फैलते ही जज रूम और पूरे कोर्ट परिसर को खली करा दिया. मेल में पाकिस्तान का भी जिक्र किया गया है.

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दिल्ली हाईकोर्ट परिसर में तीन बम रखे होने और दोपहर 2 बजे तक हाईकोर्ट खाली कराने का आदेश दिया गया था. इस धमकी भरे ईमेल के बाद तत्काल कोर्ट को खाली करा दिया गया और जजों तथा वकीलों को बाहर निकाला गया.

कोर्ट परिसर में बम की खबर मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई और फौरन सुरक्षा-प्रोटोकॉल लागू करते हुए सभी जजों को कक्षों से बाहर निकाला. इसके अलावा वकीलों और अन्य स्टाफ को फ़ौरन कोर्ट परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया.

मौके पर बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad), स्पेशल सेल और दिल्ली पुलिस की कई यूनिट तैनात कर दी गई और परिसर की बारी-बारी तलाशी चल रही है. पुलिस ने आसपास के इलाकों को भी सील कर सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

 

मेल की मुख्य बातें
दिल्ली हाईकोर्ट को लेकर भेजे गए धमकी वाले मेल में दावा किया गया है कि हाईकोर्ट परिसर में 3 बम रखे गए हैं और सभी को दोपहर 2 बजे तक वहां से हटा लिया जाना चाहिए.

मेल में एक असामाजिक/आक्रामक राजनीति संदेश भी था जिसमें कुछ नेताओं को निशाना बनाने जैसी कड़वी बातें लिखी गईं, कुछ विशिष्ट नामों का भी जिक्र था. अधिकारियों का कहना है कि मेल की भाषा और संदर्भ इस घटना को “इंसाइड जॉब” जैसा बताने की कोशिश करते हैं.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मेल में तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टी डीएमके (DMK) का भी जिक्र है. मेल में कहा गया है, “हम प्रस्ताव करते हैं कि डॉ. एझिलान नागनाथन को डीएमके की कमान संभालनी चाहिए.” इसके साथ ही, मेल में यह भी धमकी दी गई है कि उदयनिधि स्टालिन के बेटे इनबानिधि उदयनिधि को तेजाब से जलाया जाएगा.

मेल में आगे कहा गया कि ‘एजेंसियों को इस बात की भनक तक नहीं लगेगी कि यह कोई अंदरूनी साजिश है.उदाहरण के तौर पर, आपके दिल्ली हाईकोर्ट में आज का धमाका पिछले झांसों के संदेह को दूर कर देगा. दोपहर की इस्लामी नमाज़ के तुरंत बाद जज चैंबर में धमाका होगा.’

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मेल को गंभीर मानते हुए उसकी फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है. मेल किस आईपी एड्रेस/सर्वर से भेजा गया, क्या मेल-हेडर में छेड़छाड़ हुई है, और मेल भेजने वाले की पहचान कैसे की जाए, इन पहलुओं पर काम चल रहा है. साथ ही मेल में जिन नामों का जिक्र था, उन पर भी सुरक्षा बढ़ाई जा रही है और सम्बंधित चैनलों को सूचित कर प्रतिक्रिया मांगी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *