लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार की देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया. लखनऊ-हरदोई रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 19 अन्य यात्री घायल हो गए हैं. हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ राहत कार्य शुरू कर दिया है.
बस में फंसे यात्रियों को निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है. घटना लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहटा नाला पुलिस के पास की है. हरदोई-लखनऊ रोड पर हुए इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों की पहचान बाबू राम, नानदेव, संजीव कुमार और दिलशाद के रूप में हुई है.
पुलिस ने 4 मौत की पुष्टि की है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. हादसे की वजह रोडवेज बस की तेज रफ्तार बताई जा रही है. पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.
घायलों की सूची: इरशाद हुसैन (60) निवासी दुबग्गा, अनुराग (28) निवासी हुलालखेड़ा, मोहनलालगंज, अरविंद कुमार अवस्थी (56) निवासी आलमनगर, संजय (30) निवासी दुगौली काकोरी, राजेश मौर्या (35) निवासी गनेशपुर संधना, सीतापुर, बसंत देवी (40) निवासी बालाजी खेतई, हरदोई, संजीव प्रकाश श्रीवास्तव (50) निवासी न्यूहैदरगंज कैंपल रोड बालागंज, अरुण कुमार निवासी रश्मिखंड, भरत कुमार निवासी त्रिवेणीनगर, दिनेश (40) शारदानगर, आशियाना, सुहैल अहमद निवासी गढ़ी कनौरा, दुर्गेश (40) निवासी पूरे बैजू गुरबक्सगंज रायबरेली, राकेश निवासी कठबारा बीकेटी, शुभाजीत मुखर्जी निवासी रुचिखंड (40) निवासी इंदिरानगर, अविरल वर्मा (29) निवासी प्रगति नगर कोतवाली देहात हरदोई, अनूप कुमार निवासी मौलवीगंज, अनुज राज निवासी मौलवीगंज, बस चालक अनिल कुमार (45) निवासी श्रृंगारनगर परिचालक मोहम्मद रेहान।
