मैहर : नीले ड्रम मामला अभी थमा भी नहीं था कि मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी मैहर में बक्शे में महिला का शव मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस को एक घर के अंदर बक्से में बंद महिला का शव मिला. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामला मैहर के महाराजा नगर के आंध्रा टोला का है. पुलिस को सूचना महिला अनीता चौधरी (40) 27 अगस्त से लापता थी और अपने घर पर अकेले रहती थी. संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो घर के एक बक्से के अंदर से उनका शव बरामद हुआ. मौके पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
हालांकि पुलिस ने जल्द ही संदिग्ध मौत से पर्दा उठाने की बात कही है. मैहर के महाराजा नगर अंध्राटोला में अनीता चौधरी का शव घर के एक बक्से से मिला है. अनीता चौधरी अपने पति की मृत्यु के बाद अकेले रहती थी. उसके 2 बेटे मुंबई में काम करते हैं और बेटी राजस्थान में अपनी बुआ के पास रहती है.
बताया जा रहा है कि अनीता पिछले तीन दिनों से लापता थी. छोटे भाई संतोष चौधरी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट देवीजी चौकी में दर्ज कराई थी. इसके बाद जब, संतोष अपने एक रिश्तेदार के साथ अनीता के घर पहुंचे. घर में ताला लगा था और कोई हलचल नहीं थी. जब उन्होंने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो घर से तेज बदबू आ रही थी.
संतोष ने बताया, “मेरी बहन तीन दिन से लापता थी. मैं उसकी तलाश में था और हर जगह पता लगा रहा था. फिर मैं अपने रिश्तेदार के साथ यहां आया और ताला तोड़कर अंदर गया. अंदर तेज बदबू थी और बक्से के नीचे खून के धब्बे भी दिखाई दिए. हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी.”
रविवार की देर रात मैहर थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने सतना से डॉग स्क्वाड टीम को बुलाया. पुलिस ने जांच के दौरान घर में रखे एक बक्से को खोला, जिसमें से कपड़े में लिपटा हुआ अनीता चौधरी का शव मिला. पुलिस ने फिलहाल घर को सील कर दिया है.
