लाहौर : चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन क्या पाकिस्तान में हो भी पाएगा? इस पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है. क्योंकि भारत ने पाकिस्तान में ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) के इस टूर्नामेंट में भाग लेने से इनकार कर दिया है. अब इस पूरे मामले में PCB (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) एक बार फिर गिड़गिड़ाया है. PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने कहा कि उन्हें बीसीसीआई द्वारा पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी खेलने से इनकार करने पर आईसीसी से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है.
नकवी ने कहा कि आयोजन को लेकर वह सीधे ICC से संपर्क में हैं. पाकिस्तानी वेबसाइट ‘डॉन’ के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट में नकवी के हवाले से कहा गया कि हमारा रुख स्पष्ट है, हमने पहले भी यह कहा है और हम उस रुख पर कायम रहेंगे. यानी कुल मिलाकर पाकिस्तान चैम्पियंस ट्रॉफी को लेकर अड़ गया है.
बीसीसीआई ने इस महीने की शुरुआत में आईसीसी को स्पष्ट कर दिया था कि वह अपनी टीम को पाकिस्तान नहीं भेजेगा और चाहता है कि उसके खेल किसी तीसरे देश में आयोजित किए जाएं. पीसीबी ने हाइब्रिड मॉडल को अस्वीकार कर दिया, आईसीसी से इस बारे में स्पष्टता मांगी है कि भारत पाकिस्तान क्यों नहीं जाना चाहता है? भारत ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद से पाकिस्तान में क्रिकेट नहीं खेला है. आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी का यह आयोजन फरवरी-मार्च में होना है.
PCB चीफ नकवी ने 18 नवंबर को मीडिया से बात करते हुए कहा था- अगर भारत को अपनी टीम पाकिस्तान भेजने के बारे में कोई चिंता है तो उन्हें हमसे बात करनी चाहिए और हम इस समस्या को दूर करेंगे. मुझे नहीं लगता कि भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान ना आने का कोई कारण है.
