आज दिनांक 24 अगस्त 2024 को राष्ट्रीय सेवा योजना, क्यू-क्लब/स्वास्थ्य क्लब, 1090 क्लब, पाजिटिव साइकोलॉजी क्लब, स्पोर्ट्स क्लब एवं प्रसार एवं सामुदायिक सेवा विभाग, श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय द्वारा जीवन रक्षा कौशल की तकनीकि पर कार्यशाला का आयोजऩ किया गया। जिसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के प्रसार एवं सामुदायिक सेवा विभाग की उप निदेशक डॉ0 वीना सिंह ने किया। मुख्य प्रशिक्षक के रूप में डॉ0 दाउद आमिर कॉजमी ने विद्यार्थियों में स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं को जीवन रक्षा कौशल की बारीकियां, जिनमें कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) एवं गंभीर रक्तस्राव रोकने के तरीके सिखाये तथा निम्न बातें बतायीं-

1. कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) एक आपातकालीन जीवनरक्षक प्रक्रिया है जिसका उपयोग किसी की जान बचाने के लिए तब किया जाता है जब उसका दिल धड़कना बंद कर देता है। इसमें उनकी छाती पर दबाव डालना और उनके फेफड़ों में ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करने के लिए उन्हें मुंह, मास्क या ट्यूब के माध्यम से सांस देना शामिल है।
2. हम सभी को यह जानकारी होनी चाहिए कि यदि किसी को चोट/दुर्घटना के कारण गंभीर रक्तस्राव की स्थिति हो तो उसे कैसे पहचाना जाए और रक्त के प्रवाह को रोकने के लिए प्राथमिक चिकित्सा कैसे दी जाए। आप सभी यह सीख सकते हैं कि रक्तस्राव को कैसे और कब नियंत्रित किया जाए।

इस दौरान विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं जन स्वास्थ्य विभाग के समन्वयक डॉ0 अनिल कुमार; एन.एस.एस. के स्वैच्छिक कार्यकर्ता प्रज्ज्वल सिंह, अंशिका कुमारी, नैना एवं साश्वत तथा प्रसार एवं सामुदायिक सेवा विभाग के श्री रोहित सिंह सहित 70 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
