सत्यभामा में पुलिस अधिकारी बनेंगी काजल, रखा जाएगा विशेष प्रीमियर

मनोरंजन

काजल अग्रवाल साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री हैं, लेकिन उन्होंने तमिल और तेलुगु के अलावा कुछ हिन्दी फिल्मों में भी काम किया है। उन्होंने अपने करियर में कई सफल फिल्म दी हैं। हालांकि, बीते कुछ समय से वह पर्दे पर नजर नहीं आई थीं, लेकिन मैटरनिटी ब्रेक के बाद वह एक बार फिर से पर्दे पर अपने अभिनय का जलवा बिखेरती नजर आने वाली हैं।

अभिनेत्री इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सत्यभामा’ को लेकर चर्चा में हैं। यह एक क्राइम थ्रिलर होगी, जिसका निर्देशन सुमन चिक्कला कर रहे हैं। फिल्म सात जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। कहा जा रहा है कि फिल्म में अभिनेत्री काफी दमदार किरदार में नजर आएंगी। वह इस फिल्म में एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने वाली हैं। फिल्म का निर्माण शशि किरण थिक्का ने किया है, वह इस फिल्म के सह लेखक भी हैं।

फिल्म के निर्माता इसके प्रमोशन में जोर शोर से जुट गए हैं। उन्होंने आम जनता के लिए एक विशेष प्रीमियर की घोषणा की है। यह विशेष प्रीमियर पांच जून को शाम छह बजे हैदराबाद के प्रसाद मल्टीप्लेक्स में होगा। दर्शक भी इस विशेष प्रीमियर में हिस्सा ले सकते हैं। इस विशेष प्रीमियर टिकट को प्राप्त करने के लिए, दर्शकों को प्ले स्टोर से शी सेफ ऐप डाउनलोड करना होगा। इस टिकट को काउंटर पर दिखा कर दर्शक प्रवेश पा सकते हैं।

फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। काजल के फैंस को ‘सत्यभामा’ से बहुत उम्मीदें हैं। फिल्म में नवीन चंद्रा, प्रकाश राज, हर्षवर्धन, रवि वर्मा, अंकित कोय्या, संपदा एन और प्रज्वल यादमा सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार नजर आने वाले हैं। फिल्म की पटकथा शशि किरण टिक्का ने लिखी है। वहीं, फिल्म का निर्माण ऑरम आर्ट्स के बैनर तले बॉबी टिक्का, श्रीनिवास राव तक्कलपेल्ली कर रहे हैं। बताते चलें कि काजल ‘सत्यभामा’ के अलावा कमल हासन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘इंडियन 2’ में भी नजर आने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *