बॉक्स ऑफिस पर गंगूबाई काठियावाड़ी देने वाले निष्णात फिल्मकार संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी पहली वेब सीरीज हीरामंडी को लेकर सिने गलियारों में जबरदस्त चर्चा पा रहे हैं। इसके साथ ही उनकी यह फिल्म ओटीटी गलियारों में खासी चर्चा का विषय बन गई है। ज्ञातव्य है कि संजय लीला भंसाली ने इस वेब सीरीज का निर्माण नेट फ्लिक्स के लिए किया है। कहा जा रहा है कि जब इस सीरीज का प्रदर्शन होगा उसके बाद नेट फ्लिक्स की दर्शक संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी।
मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के डायरेक्शन में बनी पहली वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ को लेकर दर्शकों का इंतजार जल्द ही खत्म होने को है। सीरीज का पहला गाना आज शनिवार (9 मार्च) को निर्माताओं ने जारी कर दिया है। इसका टाइटल ‘सकल बन’ है और यह गाना मनीषा कोइराला, ऋचा चड्ढा, अदिति राव हैदरी और शर्मिन सहगल पर फिल्माया गया है। गाना भंसाली के म्यूजिक लेबल यूट्यूब चैनल भंसाली म्यूजिक पर लॉन्च किया गया है।
‘सकल बन’ गाने को मुख्य रूप से राजा हसन ने अपनी आवाज से सजाया है। उमेश जोशी, विजय धुरी, श्रीपद लेले, अमित पाध्ये और शहजाद अली ने राजा का साथ दिया है। अमीर खुसरो ने इसके बोल लिखे हैं। गाने में भंसाली का शानदार निर्देशन नजर आ रहा है, जिसके लिए उनकी खास पहचान है। गाने में मनीषा, ऋचा और अदिति बेहतरीन डांस करती नजर आ रही हैं। सभी एक्ट्रेस और डांसर ग्लोडन कलर के आउटफिट में हैं। लगभग तीन मिनट के इस गाने में एक भव्य सेट है। मनीषा, शर्मिन को आंगन में सभी महिलाओं के बीच लाती हैं।
इसके बाद ऋचा डांस शुरू करती हैं और उसके बाद अदिति भी उन्हें जॉइन कर लेती हैं। गाना भंसाली प्रोडक्शन ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “सुंदरता, शक्ति और अनुग्र के साथ खिलने वाले फूलों के मौसम का जश्न मनाने के लिए वसंत ऋतु में कदम रखें।” कहा जा रहा है कि इस सीरीज में 6-7 गाने हैं। भंसाली ने अलग से सिर्फ म्यूजिक पर एक साल काम किया है। सीरीज में सोनाक्षी सिन्हा भी अहम किरदार में हैं। अभी इसकी रिलीज डेट नहीं आई है, लेकिन ये आने वाले समय में नेटफ्लिक्स पर देखने को मिलेगी।
